इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के रविदास नगर में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने घटना में उपयोग चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर लिए पुलिस के अनुसार, फरियादी आत्माराम राठौर निवासी संत रविदास नगर ने सूचना दी थी कि शुक्रवार 24 अप्रैल की सुबह उसके छोटे भाई चिंतामणि उर्फ चिंता (25 साल) का मोहल्ले के मोहित से पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था.
उस समय हाथापाई के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपियों ने रंजिश रख ली. शाम को जब चिंतामणि एक ढाबे पर खाना खा रहा था, तभी कुलदीप परमार, मोहित अंकेल, पंकज परमार और मयूर अवंती ने उसे घेर लिया. आरोप है कि कुलदीप ने चाकू से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ रखा था. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू की.
भागने के प्रयास में बाइक फिसलने से घायल हो गए दोनों आरोपी
पुलिस आरोपियों को तलाश ही रही थी कि मुखबिर ने सूचना दी कि मामले के दो आरोपी बायपास क्षेत्र में हैं और वे बाहर भागने की फिराक में हैं. इस पर घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी मोहित अंकेल (21 साल) और कुलदीप परमार (19 साल) को उस समय पकड़ लिया, जब वे बाइक से भागने की कोशिश कर रहे थे. दोनों भागने के दौरान बाइक स्लिप होने से गिर गए और पुलिस के हत्थे चढ़ गए. पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि सुबह हुए विवाद का बदला लेने के लिए उन्होंने साथियों के साथ मिलकर हत्या की. पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है, वहीं गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
