मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग तेज, विपक्ष के 73 सांसदों ने दिया प्रस्ताव नोटिस

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (वार्ता) विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर एक बार फिर राज्यसभा में औपचारिक पहल की है। विपक्ष के 73 सांसदों ने राज्यसभा के महासचिव को प्रस्ताव (रेजोल्यूशन) का नोटिस सौंपा है, जिसमें भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की गई है। यह नोटिस कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं संचार विभाग प्रभारी जयराम रमेश और तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष ने प्रस्तुत किया है। फिलहाल यह प्रस्ताव केवल राज्यसभा में ही दाखिल किया गया है।

श्री रमेश ने जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रस्ताव में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कुल नौ गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें विस्तार से दस्तावेज़ित किया गया है। उनके अनुसार, ये आरोप 15 मार्च 2026 के बाद किए गए कार्यों और चूकों से जुड़े हैं, जिन्हें संविधान के अनुच्छेद 324(5) और अनुच्छेद 124(4) के तहत “सिद्ध कदाचार” माना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रस्ताव “मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023” तथा “न्यायाधीश (जांच) अधिनियम, 1968” के प्रावधानों के तहत लाया गया है।

श्री रमेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने रहने को संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि यह स्थिति लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अब इस नोटिस पर आगे की कार्रवाई राज्यसभा के सभापति के निर्णय पर निर्भर करेगी, जो तय करेंगे कि इस प्रस्ताव को स्वीकार किया जाए या नहीं।

Next Post

उपार्जन केंद्रों का जांच दल ने किया निरीक्षण, खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा

Fri Apr 24 , 2026
परासिया। जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष टीम ने विकासखंड परासिया और उमरेठ के गेहूं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। परासिया क्षेत्र में मोरडोंगरी, कुण्डलीकला, गाजनडोह, परासिया, चांदामेटा, उमरेठ, पगारा, कारीडोंगरी एवं रिधोरमेट तथा उमरेठ क्षेत्र में मारई, मानकादेई खुर्द, मोरडोंगरी उमरेठ को उपार्जन केंद्र बनाया गया है। निरीक्षण टीम में […]

You May Like