नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (एनआरएआई) ने 20वें एशियाई खेलों के लिए राइफल/पिस्टल टीम की घोषणा की। ये खेल जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे। शॉटगन टीम (12 सदस्य) की घोषणा पहले ही की जा चुकी है; भारत शूटिंग के लिए अधिकतम 30 एथलीट भेजेगा। अगले महीने चीन के हांगझोऊ में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप और अक्टूबर में मिस्र के काहिरा में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के लिए भी टीमों की घोषणा की गई।
ईशा सिंह और मनु भाकर दोनों पिस्टल इवेंट में हिस्सा लेंगी, जबकि रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल और विदर्शा के. विनोद दोनों राइफल इवेंट में हिस्सा लेंगे। इस बड़े इवेंट के लिए टीम का चयन एनआरएआई की चयन नीति और हाल ही में हुए नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स 4 के बाद नेशनल रैंकिंग के आधार पर किया गया।
10 मीटर राइफल इवेंट में रुद्राक्ष के साथ युवा पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों होंगे, जबकि 50 मीटर राइफल 3-पोजीशन इवेंट में रुद्राक्ष के साथ नीरज कुमार और वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शामिल होंगे।
महिलाओं के राइफल इवेंट में, इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के. विनोद 10 मीटर एयर राइफल में हिस्सा लेंगी, जबकि 50 मीटर 3-पोजीशन इवेंट में विदर्शा के साथ आशी चौकसे और तिलोत्तमा सेन होंगी।
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर और 2022 एशियाई खेलों की डबल मेडलिस्ट ईशा सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल दोनों इवेंट में हिस्सा लेंगी। वर्ल्ड नंबर 2 सुरुचि इंदर सिंह 10 मीटर इवेंट में तीसरी एथलीट होंगी, जिससे यह एक शानदार तिकड़ी बन जाएगी; इस इवेंट में टीम मेडल भी दांव पर होंगे।
25 मीटर पिस्टल इवेंट में मनु और ईशा के साथ 2018 एशियाई खेलों की चैंपियन राही सरनोबत शामिल होंगी। 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में भारत की उम्मीदें अनीश भनवाला पर टिकी होंगी, जो इस इवेंट के लिए टीम में चुने गए एकमात्र शूटर हैं। पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भारत का प्रतिनिधित्व केदारलिंग बालकृष्ण उचागनवे, गौरव और कमलजीत करेंगे।
मिक्स्ड टीम इवेंट में 10 मीटर एयर राइफल में पार्थ और इलावेनिल हिस्सा लेंगे, जबकि 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सुरुचि और केदारलिंग की जोड़ी उतरेगी।
एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में भारत ने कुल 22 मेडल जीते थे, जिनमें सात गोल्ड, नौ सिल्वर और छह ब्रॉन्ज़ मेडल शामिल थे और वह चीन के बाद दूसरे स्थान पर रहा था। 20वें एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम
पुरुष
10 मीटर एयर राइफल: पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लन, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल
50 मीटर राइफल 3पी: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल
10 मीटर एयर पिस्टल: केदारलिंग बालकृष्ण उचागांवे, गौरव, कमलजीत
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल: अनीश भानवाला
महिला
10 मीटर एयर राइफल: इलावेनिल वलारिवान, सोनम उत्तम मस्कर, विदरसा के विनोद
50 मीटर राइफल 3पी: आशी चौकसे, विदरसा के. विनोद, तिलोत्तमा सेन
10 मीटर एयर पिस्टल: सुरुचि इंदर सिंह, ईशा सिंह, मनु भाकर
25 मीटर पिस्टल: ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
मिश्रित टीम
10 मीटर एयर राइफल: पार्थ राकेश माने और एलावेनिल वलारिवन
10 मीटर एयर पिस्टल: सुरुचि इंदर सिंह और केदारलिंग बालकृष्ण उचागनवे
शॉटगन
ट्रैप मेन: किनान चेनाई, अहवर रिज़वी, शपथ भारद्वाज
ट्रैप महिला: नीरू ढांडा, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
स्कीट पुरुष: अनंतजीत सिंह नरुका, भवतेग सिंह गिल, मैराज अहमद खान
स्कीट महिला: परिनाज़ धालीवाल, रायज़ा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान
ट्रैप मिश्रित टीम: किनान चेनाई, नीरू ढांडा
स्कीट मिश्रित टीम: अनंतजीत सिंह नरुका, परिनाज़ धालीवाल
