
बड़वानी। कलेक्टर जयति सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार कलेक्टोरेट सभागृह में स्वास्थ्य विभाग की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिले में अति गंभीर कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य की जांच, उपचार और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे मिशन सुपोषित बचपन से सम्बंधित रही। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सभी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें मुख्य रूप से उपस्थित रही।
बैठक में कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि जिले में मिशन पोषण ज्योति के तहत आरबीएसके के डॉक्टरों की 13 मोबाईल टीमें गठित की गई हैं। यह टीमें संपूर्ण जिले में अति गंभीर कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। यह अभियान मुख्य रूप से उन बच्चों पर केंद्रित होगा, जो 2 से 3 बार पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती होने के बाद भी स्वास्थ्य में कोई सकारात्मक सुधार नहीं दिखा पाए हैं। डॉक्टरों की टीम सर्वे के दौरान ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर बच्चों के परिजनों की जानकारी, परीक्षण की तारीख, वर्तमान वजन, ऊंचाई और संभावित बीमारी का पूरा डाटा इक_ा करेगी। इसी डाटा के आधार पर आगामी समय में इन बच्चों की सघन निगरानी की जाएगी और काउंसिलिंग के माध्यम से उनकी सेहत में सुधार के प्रयास किए जाएंगे। सभी टीमों का रूट चार्ट भी फायनल कर लिया गया है।
कलेक्टर ने बैठक में सभी बीएमओ और सीएचओ को निर्देशित किया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 12 से 18 जून तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
100 दिवसीय टीबी कैम्पेन, बनेगी निक्षय आईडी
बैठक के दौरान जिले में चल रहे 100 दिवसीय टीबी कैंपेन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के चिंहित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में ऐसे नागरिक जो पूर्व में वल्नरेबल काउंट नहीं हो पाए थे और जिनकी स्क्रीनिंग छूट गई थी, उन्हें चिंहित किया जाए। स्क्रीनिंग के बाद टीबी संक्रमण की रोकथाम और उपचार के लिए उनकी निक्षय आईडी बनाई जाए, ताकि उन्हें समय पर इलाज मिल सके। कलेक्टर जयति सिंह ने दोनों विभागों के मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ पूरी संवेदनशीलता से इन अभियानों को सफल बनाने और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, आरबीएसके की टीम, जिले के बीएमओ, सीएचओ सहित अन्य उपस्थित रहे।
