
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ग्वालियर स्थित गजरा राजा मेडिकल कॉलेज और जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के पुनर्निर्माण व नव निर्माण कार्यों को भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि एक समग्र स्वास्थ्य प्रणाली के आधुनिकीकरण की दिशा में कदम है, जिससे मरीजों को सुरक्षित, उन्नत और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
शुक्ल ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज के कार्यों को दो चरणों में तैयार कर एक सप्ताह में प्रारूप प्रस्तुत करने और जबलपुर मेडिकल कॉलेज की योजना को दो सप्ताह में अंतिम रूप देने को कहा। उन्होंने परियोजनाओं में संरचनात्मक मजबूती, पर्यावरण संतुलन, स्वच्छता, वेंटिलेशन और जल निकासी जैसी बुनियादी जरूरतों के साथ अत्याधुनिक उपकरणों के समावेश के निर्देश दिए।
ग्वालियर में 1150 बिस्तरों वाला मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय, 600 बिस्तरों का न्यूरोसाइंसेस अस्पताल, नया ऑडिटोरियम, नर्सिंग कॉलेज, छात्रावास, डॉर्मिटरी, पार्किंग, जल निकासी व्यवस्था और आंतरिक सड़क नेटवर्क जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
