
बुरहानपुर। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 2015-16 में बने स्वीमिंग पुल में गड़बड़ी को लेकर विधायक अर्चना चिटनिस की पहल पर शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जनहित में उठाए गए मामले के बाद 31 जुलाई 2025 को विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि पुल निर्माण में भ्रष्टाचार पर नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त सुरेश रैवाल, इंजीनियर्स और ठेकेदार भूपेन्द्र चौहान पर एफआईआर दर्ज करने, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और मरम्मत की राशि वसूलने के आदेश दिए गए हैं। पुल कभी उपयोग में नहीं आया क्योंकि निर्माण स्थल पर पानी का स्रोत नहीं था और टैंक में पानी ठहरता ही नहीं है। यह कार्रवाई शासकीय अमले को सख्त संदेश है।
