नयी दिल्ली, 11 जून (वार्ता) आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए एल.बी. शास्त्री कोचिंग सेंटर को 31 रन से हराकर प्रतिष्ठित 51वें ऑल इंडिया गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। दिल्ली के प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंटों में शुमार इस प्रतियोगिता में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 320 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अनमोल शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 42 गेंदों में 110 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। सार्थक रंजन ने 28 गेंदों में 70 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, जबकि तेजस्वी धनिया ने 31 गेंदों में 78 रन बनाकर स्कोर को विशाल आकार दिया।
321 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एल.बी. शास्त्री कोचिंग सेंटर ने भी जोरदार संघर्ष किया और 20 ओवरों में 289 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही। नमन तिवारी ने 36 गेंदों पर 95 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल थे। वहीं सोम्बीर श्योकंद ने 58 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। हालांकि उनकी शानदार बल्लेबाजी के बावजूद टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।
आउटर दिल्ली वॉरियर्स के गेंदबाजों ने भी महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। सिद्धांत शर्मा, शौर्य मलिक, कमल सिंह, अमन चौधरी और अनमोल शर्मा ने दो-दो विकेट लेकर एल.बी. शास्त्री की पारी पर अंकुश लगाया और टीम को यादगार जीत दिलाई।
पुरस्कार गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के महासचिव विशाल कात्याल, सहायक टूर्नामेंट सचिव जतिन कुमार एवं आर्यन सहगल द्वारा प्रदान किए गए।
मैन ऑफ द मैच: अनमोल शर्मा (42 गेंदों पर 110 रन)
फाइटर ऑफ द मैच: नमन तिवारी (36 गेंदों पर 95 रन)
