
इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित शनि मंदिर में सफाई के दौरान विवाद हो गया. मांस-मटन की हड्डियां फेंकने से रोकने पर तीन आरोपियों ने पुजारी और उनके सहयोगी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शनि मंदिर के पुजारी भेरूलाल जोशी ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे परिसर में सफाई कर रहे थे. इसी दौरान तुलसीराम कुशवाह, आकाश कुशवाह और विकास कुशवाह वहां पहुंचे. आरोप है कि तीनों मंदिर के आसपास हड्डियां फेंक रहे थे, जिससे गंदगी फैल रही थी. पुजारी ने विरोध किया तो तीनों आरोपी भड़क गए और गाली गलौज करने लगे. मामला बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. बीच बचाव करने पहुंचे पदमाकर ओझने के साथ भी अभद्रता की गई और धमकाया. घटना के समय मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के सामने विवाद हुआ, जिससे अफरा तफरी और तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. सूचना पर पहुंची बाणगंगा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
