मुंबई, 11 जून (वार्ता) भारत के पूर्व कप्तान और प्रमुख कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे, अन्वय द्रविड़ को अगले महीने श्रीलंका के दौरे के लिए इंडिया अंडर-19 की वनडे टीम में शामिल किया गया है। इस पूरे दौरे पर तीन वनडे मैच और दो चार-दिवसीय मैच खेले जाएंगे।
अन्वय दाएं हाथ के बल्लेबाज़ और विकेटकीपर हैं, जिन्होंने नवंबर 2025 में बेंगलुरु के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में वनडे ट्राई-सीरीज़ के हिस्से के रूप में अफ़ग़ानिस्तान अंडर-19 के ख़िलाफ़ इंडिया B अंडर-19 के लिए एक मैच खेला है। उस मैच में वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए थे और विकेट के पीछे दो कैच लपके थे।
अन्वय ने हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफ़ी के क्वार्टर फ़ाइनल में कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी की थी। उन्होंने इस टूर्नामेंट में छह पारियों में 55.00 की औसत से 220 रन बनाए जो उनकी टीम की ओर से दूसरे सबसे ज़्यादा रन थे। आगामी दौरे के लिए चुनी गई दोनों अंडर-19 टीमों की कप्तानी मध्य प्रदेश के यशवर्धन सिंह चौहान करेंगे, जबकि उत्तराखंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। 17 वर्षीय रायचंदानी पहले ही अपना फ़र्स्ट-क्लास डेब्यू कर चुके हैं और उन्होंने 2025-26 रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में पांच पारियों में तीन अर्धशतक बनाए हैं।
दौरे की शुरुआत तीन वनडे मैचों से होगी, जो 4, 6 और 9 जुलाई को हंबनटोटा में स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे से खेले जाएंगे। पहला चार-दिवसीय मैच 13 से 16 जुलाई तक गॉल में और दूसरा 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो में खेला जाएगा। द्रविड़ के बड़े बेटे, समित द्रविड़, जो 20 वर्ष के हैं उन्हें भी 2024 में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के ख़िलाफ़ खेलने के लिए इंडिया अंडर-19 टीम में चुना गया था, लेकिन घुटने की चोट के कारण वह बाहर हो गए थे। समित ने कर्नाटक की टी20 लीग, महाराजा टी20 ट्रॉफ़ी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अंडर-19 टीम में जगह बनाई थी।
इंडिया पुरुष अंडर-19 वनडे दल
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), विनीत वी के, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुटकुर यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शाविन वी, काव्य पारस पटेल, मोहित उल्वा, ईशान सूद।
इंडिया पुरुष अंडर-19 चार दिवसीय दल
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उप-कप्तान), यशवर्धन सिंह चौहान (कप्तान), पटेल कुश, मनाल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुडेशन जे, बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्य पारस पटेल, प्रियंशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकट।
