
खंडवा। पुनासा स्थित एनएचडीसी ग्राउंड पर गुरुवार को कलेक्टर इलेवन और एनएचडीसी इलेवन के बीच खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में कलेक्टर इलेवन ने रोमांचक जीत दर्ज की। यह मुकाबला सहायक कलेक्टर डॉ श्रीकृष्णा सुशीर के विदाई समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
मैच में कलेक्टर इलेवन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवरों के मैच में एनएचडीसी इलेवन ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 102 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से अनिल कुजूर ने अंतिम ओवरों में तेज़ 25 रनों की पारी खेलकर स्कोर को मजबूती दी।
गेंदबाजी में कलेक्टर इलेवन ने प्रभावी प्रदर्शन किया। टीम के कप्तान एवं कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर विपक्षी टीम की शुरुआत को झटका दिया, वहीं रितेश की तेज गेंदबाजी ने रन गति पर नियंत्रण बनाए रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलेक्टर इलेवन की शुरुआत धीमी रही, लेकिन मध्यक्रम ने टीम को संभाला। एडीएम काशीराम बड़ोले ने 18 रनों का योगदान दिया। दूसरी ओर एनएचडीसी इलेवन के कप्तान एवं एसडीएम पुनासा पंकज वर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया।
अंतिम ओवरों में धर्मेंद्र ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 24 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली और निर्णायक चौका लगाकर कलेक्टर इलेवन को 2 विकेट से जीत दिलाई। मैच में सहायक कलेक्टर श्रीकृष्णा सुशीर, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक एमएस रावत तथा एनएचडीसी के प्रोजेक्ट हेड अजीत कुमार सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
