जबलपुर: शहपुरा थाना अंतर्गत बेलखेड़ा रोड पर एक व्यापारी की दुकान के बाहर खड़ा पांच लाख की ट्रैक्टर-ट्रॉली बीती रात अज्ञात चोर पार कर ले गए।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नर्मदा कॉलोनी शहपुरा निवासी 28 वर्षीय कृष्णकांत सिंह राजपूत की वार्ड नंबर 04, बेलखेड़ा रोड के किनारे परिहार ट्रेडर्स नाम से लोहा, सीमेंट और गिट्टी की दुकान है।
निर्माण सामग्री के परिवहन के लिए उन्होंने लाल रंग का महिंद्रा यूवो कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 2691 खरीदा था। बीती रात करीब 9 बजे वे रोजाना की तरह दुकान बंद कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर खड़ा करके घर चले गए थे। अगले दिन जब कृष्णकांत अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो वहां ट्रैक्टर और ट्रॉली गायब देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार, चोरी गए ट्रैक्टर-ट्रॉली की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।
