सिंगरौली : बरगवां थाना क्षेत्र के गिधेर में रेलवे लाइन के कार्य में ग्रेडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत करीब 35 वर्षीय अजय जायसवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 28 सितंबर की शाम ड्यूटी के लिए घर से निकले अजय का शव आज मंगलवार की सुबह सड़क किनारे नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी अनुसार अजय जायसवाल पिता राजकुमार जायसवाल निवासी नौडिहवा थाना चितरंगी बीते सोमवार की शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे। आज मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे नाले में अजय के मृत अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि मृतक अपने ससुराल में रहता था और यही से ड्यूटी करता था। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
अजय की मौत को लेकर परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी हत्या की गई हो सकती है। वहीं पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं बरगवां थाना निरीक्षक अनिल पटेल ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर संभावना है कि अजय बाइक से नीचे गिर गए हों और चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई हो। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं घटना के बाद स्थल पर उसकी पत्नी, सास-ससुर एवं परिवार के सदस्य बदहवास हालत में पहुंच गये। घटनास्थल पर चीखपुकार एवं रोते-बिलखते देख अन्य लोगों के भी ऑखे नम हो गई। इधर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
स्कॉर्पियों के टक्कर से राहगीर युवक की मौत
मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ गांव में बीते दिवस स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक पैदल व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद चालक घायल को अस्पताल ले जाने की बात कहकर शव को सड़क के किनारे झाड़ी में फेंककर फरार हो गया। मोरवा पुलिस के अनुसार राहगीर प्रदीप कुमार साकेत पिता बनारसी साकेत उम्र 27 वर्ष निवासी करैला पैदल जा रहा था कि पिपरखड़ गांव के निमिया मोड़ पर बेकाबू स्कॉर्पियों वाहन के चालक ने टक्कर मार दिया, जहां वह घायल हो गया। वहीं घायल को चालक इलाज कराने के लिए अस्पताल ले जा रहा था कि रास्ते में ही सड़क किनारे झाड़ी में फेक कर भाग खड़ा हुआ। स्कॉर्पियों वाहन मोरवा से चितरंगी की ओर सुबह 7:30 बजे जा रही थी। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर वाहन चालक के तलाश में जुट गई है।
