नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में पैर पसारते नशे के नेटवर्क को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर आरोप लगाया है कि राज्य सरकार नशे के इस गंभीर संकट का समाधान करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
सोशल मीडिया पर जारी एक विडियो संदेश में श्री चौहान ने कहा कि पंजाब वर्तमान में नशे के एक गंभीर संकट से गुजर रहा है। इस सामाजिक बुराई ने अनगिनत परिवारों को उजाड़ दिया है और युवाओं के जीवन को तबाह कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब समय आ गया है कि पंजाब की जनता नशे के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़े।
केन्द्रीय मंत्री ने घोषणा की कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा 18 सितंबर से 30 सितंबर तक ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का आयोजन कर रही है। इसी क्रम में वे स्वयं 21 सितंबर को तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो पहुंचकर इस यात्रा में भाग लेंगे।
श्री चौहान ने पंजाब की जनता, महिलाओं और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे एक समृद्ध और नशा मुक्त पंजाब के निर्माण के लिए इस यात्रा से जुड़ें और नशे के खिलाफ इस जन-आंदोलन को सफल बनाएं।
