ड्राय डे पर हीरानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
126 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
इंदौर: रंगपंचमी के अवसर पर हीरानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. उक्त शराब को आरोपी एक गार्डन में हो रही पार्टी के दौरान इस्तेमाल करने के लिए लाया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे अवैध शराब के स्त्रोतों के संबंध में पूछताछ कर रही है.पुलिस उपायुक्त जोन03 हंसराज सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी पीएल शर्मा को अवैध नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे.
इस अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने इस गिरफ्तारी में सफलता प्राप्त की. रंगपंचमी के दिन पुलिस द्वारा की जा रही गश्ती के मुखबिर से सूचना मिली कि एमआर 10 स्थित गणेश वाटिका गार्डन में एक कार्यक्रम के लिए बड़ी मात्रा में शराब एकत्रित की गई है. सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आयोजक गरिमेश पिता अनिल गोयल को पूछताछ के लिए रोका गया.
पहले तो आरोपी ने किसी भी अवैध शराब के होने से इनकार किया, लेकिन जब गार्डन के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली गई, तो वहां अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर की बोरियां रखी हुई पाई गईं. सख्ती से पूछताछ करने पर गरिमेश गोयल ने स्वीकार किया कि यह शराब रंगपंचमी मिलन समारोह में अपने परिचितों और आगंतुकों के लिए रखी थी. जब पुलिस ने आरोपी से शराब रखने की वैधानिक अनुमति मांगी, तो उसके पास कोई लाइसेंस या अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई. इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर 126 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर 34 वर्षीय आरोपी गरिमेश पिता अनिल गोयल निवासी: मकान नंबर 17, वंदना नगर को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी से अवैध शराब के स्त्रोतों को लेकर पूछताछ और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
