राजगढ़: कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजगढ़ से संबंधित कृषि ऋण केसीसी वसूली एवं नवीन सदस्यता की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान शाखावार प्रगति का परीक्षण करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त की.बैठक में सुठालिया शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाए जाने पर उन्हें निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. साथ ही अन्य सभी शाखा प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे कालातीत (ओवरड्यू) ऋणों की वसूली में
तेजी लाएं एवं निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें.कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी शाखाएं नवीन सदस्यता में वृद्धि, अमानत (डिपॉजिट) बढ़ाने तथा उपार्जन कार्य को प्राथमिकता देते हुए सप्ताहवार निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूर्ण करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या लक्ष्य पूर्ति में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि आगामी बैठक में पुनः सभी शाखाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, जिसमें प्रत्येक शाखा को अपने कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करनी होगी. साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए.
