भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन और पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। हालिया समन्वित कार्रवाई में पुलिस ने 178 गौवंश एवं अन्य मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया है, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सक्रिय पुलिसिंग, जिलों के बीच बेहतर समन्वय और तकनीकी निगरानी के माध्यम से संभव हो सकी। अभियान के तहत कई संगठित गिरोहों पर भी शिकंजा कसा गया है।
सतना जिले के चित्रकूट क्षेत्र में पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक को रोककर 53 भैंस और पड़वों को मुक्त कराया तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। शिवपुरी के कोलारस में 31 गौवंश को अवैध परिवहन से छुड़ाया गया, जबकि पन्ना में पांच फरार आरोपियों को पकड़कर 14 मवेशी और वाहन जब्त किया गया।
शहडोल के देवलोंद में 36 मवेशियों की जब्ती के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जहां जब्त संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसी तरह बड़वानी, राजगढ़ और सीहोर में भी कार्रवाई कर पशु तस्करी और चोरी से जुड़े मामलों का खुलासा किया गया।
खरगोन और बुरहानपुर में भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए पशुओं, जिसमें एक बैल जोड़ी भी शामिल है, को बरामद किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान न केवल अवैध व्यापार पर रोक लगाने, बल्कि पशु क्रूरता को रोकने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेशभर में इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
