इंदौर: शहर में रविवार को कोरोना के तीन नए मरीज सामने आए हैं. इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जिनकी उम्र 25 से 50 वर्ष के बीच है. तीनों ही इंदौर के निवासी हैं. इससे पहले शनिवार को 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी.डॉ. बीएस सैत्या ने बताया कि शनिवार को मिले मरीजों में नीमच से आया एक कैंसर पीड़ित भी शामिल है, जिसे गंभीर स्थिति को देखते हुए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया है.
बाकी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा है. अब तक शहर में कोरोना के 50 मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें 9 अन्य जिलों से आए हैं. विशेष बात यह है कि बीते 16 दिनों में ही 48 नए मामले सामने आए हैं. शनिवार को ही खरगोन की एक 44 वर्षीय महिला की इंदौर में कोविड से मौत दर्ज की गई. महिला की हाल ही में डिलीवरी हुई थी और उसे गायनिक संबंधी तकलीफ थी.
उधर,प्रभारी कलेक्टर गौरव बेनल ने आज कोविड को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई. बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. सैत्या, डॉ. माधव हसानी सहित जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय अस्पतालों के संचालक उपस्थित थे. बैठक में जनवरी 2025 से आज तक कोविड के रिपोर्ट ली गई. रिपोर्ट में सामने आया कि कुल 41 कोविड पॉजिटिव केस हैं, जिनमें से 26 मरीज वर्तमान में आइसोलेशन में रहकर इलाज ले रहे हैं।
सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है. स्वास्थ्य विभाग ने बैठक में बताया कि वर्तमान में जो संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं, वे ‘ओमिक्रॉन बीए2-लाइक’ जैसे अत्यंत सामान्य स्वरूप के हैं, जिनमें गंभीर लक्षण नहीं देखे जा रहे हैं. प्रभारी कलेक्टर बैनल ने सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं
