ईरान ने फिर से अपनी घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू करने की घोषणा की

तेहरान, 21 अप्रैल (वार्ता) ईरान ने मंगलवार को इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और मेहराबाद हवाई अड्डे सहित अपने प्रमुख हवाई अड्डों को फिर से खोलने और घरेलू उड़ान संचालन शुरू करने की घोषणा की है।

अमेरिका-इजरायल हमले के बाद सुरक्षा कारणों से पिछले 50 दिनों से उड़ानों पर लगी रोक को अब हटा लिया गया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब दो सप्ताह के नाजुक संघर्ष विराम की अवधि समाप्त होने वाली है।

ईरानी मीडिया के अनुसार, सड़क और शहरी विकास मंत्रालय और नागरिक उड्डयन संगठन की मंजूरी के बाद यह परिचालन शुरू किया जा रहा है। सबसे पहले तेहरान-मशहद मार्ग पर सेवाएं बहाल होंगी।

विमानन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय हवाई क्षेत्र को खोलने के लिए चार चरणों वाली योजना तैयार की है। पहले चरण में ट्रांजिट उड़ानों की अनुमति होगी, जिसके बाद पूर्वी हवाई अड्डों से सीमित संचालन शुरू होगा। तीसरे चरण में तेहरान के प्रमुख हब फिर से खुलेंगे और अंतिम चरण में पश्चिमी ईरान के हवाई अड्डों को कवर किया जाएगा।

नागरिक उड्डयन संगठन के उप निदेशक ने कहा, “फिलहाल हवाई टिकटों की बिक्री निलंबित है और लोगों को टिकट खरीद विकल्पों के लिए आधिकारिक घोषणाओं पर ध्यान देना चाहिए।”

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद हवाई सेवाएं बंद कर दी गई थीं। पाकिस्तान की मध्यस्थता से आठ अप्रैल से लागू हुआ अस्थायी संघर्ष विराम 22 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, हालांकि दीर्घकालिक शांति के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं।

इसी बीच, रूसी संघीय हवाई परिवहन एजेंसी ‘रोसाविएशन’ ने भी सोमवार को ईरानी हवाई क्षेत्र में उड़ानों पर लगे प्रतिबंध हटा लिए हैं। रूस ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के मार्गों के लिए अनुमति बहाल कर दी है और कहा है कि सुरक्षा स्थिति पर नजर रखते हुए ईरानी सुरक्षा दिशानिर्देशों के अनुसार परिचालन जारी रहेगा।

हाल ही में अमेरिकी सेना द्वारा एक ईरानी मालवाहक जहाज को जब्त किए जाने और तेहरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की रिपोर्टों ने क्षेत्र में तनाव और अनिश्चितता को बरकरार रखा है।

 

Next Post

शाह ने 'अलविदा दीदी' कहकर बंगाल में सत्ता परिवर्तन का किया संकेत

Tue Apr 21 , 2026
चांदीपुर, 21 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ‘सुरक्षा, पहचान और सुशासन’ को लेकर एक निर्णायक लड़ाई के तौर पर पेश किया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘अलविदा दीदी’ कहते हुए संकेत दिया कि अब राज्य में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया […]

You May Like