चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराकर गुजरात टाइटंस ने चौथी जीत दर्ज की

चेन्नई, 26 अप्रैल (वार्ता) कगिसो रबाडा (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद साई सुदर्शन (87) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 37वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 20 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से शिकस्त दी। गुजरात टाइटंस की यह टूर्नामेंट में चौथी जीत है।

159 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 16.4 ओवरों में दो विकेट पर 162 रन बनाकर मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी ने संभल कर खेलते हुए पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। सातवें ओवर में नूर अहमद ने शुभमन गिल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। गिल ने 23 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के उड़ाते हुए 33 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में अकील हुसैन ने साई सुदर्शन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। साई सदुर्शन ने 46 गेंदों में चार चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 87 रनों की पारी खेली। जॉस बटलर ने नाबाद 39 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में 30 गेंदों का सामना किया और चार चौके और एक छक्का लगाया।

इससे पहले आज यहां ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 74) की कप्तानी पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार काे गुजरात टाइटंस के खिलाफ सात विकेट पर 158 रनों का स्कोर खड़ा किया। गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 37 रन के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये। संजू सैमसन (11), उर्विल पटेल (चार), सरफराज खान (शून्य) और डेवाल्स ब्रेविस (दो) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शिवम दुबे ने कप्तान गायकवाड़ के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई।

16वें ओवर में अरशद खान ने शिव दुबे को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। शिवम दुबे ने 17 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 22 रन बनाये। 18वें ओवर कगिसो रबाड़ा ने कार्तिक शर्मा नौ गेंदों में 15 रन को आउट किया। जेमी ओवरर्टन ने छह गेंदों में 18 रन बनाये। उन्हें अरशद खान ने आउट किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 158 रनों का स्कोर खड़ा किया। ऋतुराज गायकवाड़ ने 60 गेंदों में छह चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 74 रनों की पारी खेली।

गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाड़ा ने तीन विकेट लिये। अरशद खान को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

ईरान के साथ युद्ध में अमेरिका को अरबों का नुकसानः रिपोर्ट

Sun Apr 26 , 2026
तेहरान/वाशिंगटन 26 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम एशिया में इजरायल और अमेरिका के साथ संघर्ष के दौरान ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उपकरणों को ‘व्यापक’ नुकसान पहुँचाया है। एनबीसी न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी को ईरान पर शुरू हुए संयुक्त हमलों के बाद से उसकी जवाबी कार्रवाई में […]

You May Like