हम हारना डिजर्व करते हैं : अक्षर पटेल

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (वार्ता) शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने जब 264 रन का एक विशाल स्कोर खड़ा किया था, तो किसी को भी नहीं लगा था कि पंजाब किंग्स इस मैच को सात गेंद शेष रहते ही जीत जाएगी। लेकिन प्रभसिमरन सिंह के 26 गेंदों में 76 और कप्तान श्रेयस अय्यर की 71 रनों की पारी की मदद से पंजाब ने मैच को छह विकेट से आसानी से जीत लिया। इस दौरान सब फ़ील्डर करुण नायर ने श्रेयस के 29 और 35 के स्कोर पर दो कैच छोड़े, जबकि प्रभसिमरन का भी एक कठिन और एक थोड़ा आसान कैच डीसी के फ़ील्डरों ने छोड़े। इसके अलावा प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली और शशांक सिंह का भी कैच डीसी के फ़ील्डरों द्वारा छोड़े गए। वहीं पारी के तीसरे ओवर में ऐसा ही एक कठिन कैच लपकने के चक्कर में उनके तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी चोटिल होकर मैच से बाहर हो गए, जिनके चार ओवरों की कमी उन्हें पूरे मैच के दौरान खली। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “हम लगातार वही ग़लतियां दोहरा रहे हैं। इस तरह की पिच पर अगर आप अपने गेंदबाज़ों को सपोर्ट नहीं करेंगे और इतने सारे मौक़े देंगे, तो मुझे लगता है कि हम ऐसी हार डिजर्व करते हैं। इसके अलावा हमारी बोलिंग यूनिट ने जिस तरह से पावरप्ले में गेंदबाज़ी की, उसे भी हमें देखना होगा। इस पिच पर 264 का स्कोर बहुत अच्छा स्कोर था, बस हमें ये मौक़े नहीं गंवाने चाहिए थे और थोड़ी बेहतर गेंदबाज़ी करनी चाहिए थी।”

पंजाब ने पावरप्ले में 116 रन बनाए, जो कि इस चरण में आईपीएल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह डीसी की इस सीज़न सात मैचों में चौथी हार थी, इसमें एक मैच वह भी शामिल है, जब उन्होंने अपने होमग्राउंड पर गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ एक रन से मैच गंवाया था। अक्षर ने कहा, “अगर हम जो अहम मोमेंट है, उसको अपने पक्ष में कर लेते, तो दो-तीन मैचों के परिणाम हमारे पक्ष में होते। आगे हमें उन्हीं महत्वपूर्ण पलों को अपना बनाना होगा। ऐसा नहीं हो सकता कि आप हमेशा ग़लती करते रहो और फिर बेहतर परिणाम की उम्मीद करो। हम अब वापस जाएंगे और मूल्यांकन करेंगे कि और क्या बेहतर कर सकते हैं।” डीसी के डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट वेणुगोपाल राव ने भी मैच कॉन्फ़्रेंस में अपने कप्तान की बातों को दोहराया। उन्होंने कहा, “हमने देखा कि हमने कुछ कैच गंवाए, जो कि हमारे दो अंक गंवाने का प्रमुख कारण था। हमने लगभग छह कैच गंवाए। अगर आप महत्वपूर्ण मौक़ों पर ऐसे कैच, वह भी प्रभसिमरन और श्रैयस जैसे खिलाड़ियों को गंवाते हो, तो मुझे नहीं लगता कि हम मैच जीत सकते हैं। हमें ऐसे कैचों को लपकने की ज़रूरत है।” यह इस सीजन सात मैचों में चौथी बार था, जब डीसी के गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ 200 से अधिक रन बने। तो क्या यह सिर्फ़ ख़राब फ़ील्डिंग के कारण था या डीसी को अपनी गेंदबाज़ी में भी बहुत सुधार की ज़रूरत है?

राव ने कहा, “अगर हम 264 रन बनाकर भी स्कोर को डिफ़ेंड नहीं कर पा रहे हैं, तो इसका मतलब है कि गेंदबाज़ी में भी कई चीज़ों पर काम करने की ज़रूरत है। हमें अपनी पावरप्ले गेंदबाज़ी और कैचिंग को बेहतर करने की जरूरत है। इसके अलावा हमने एन्गिडी के 24 गेंदों, उनके चार ओवरों को मिस किया। उन्होंने पिछले सभी मैचों में चार ओवर गेंदबाज़ी की है और अपनी स्लोअर गेंदों और अनुभव से बल्लेबाज़ों को परेशान किया है। उम्मीद है कि वह जल्द ही रिकवर होकर वापस मैदान पर लौटेंगे। “हमें पता है कि जबसे यह इंपैक्ट प्लेयर का नियम आया है, कोई भी स्कोर सुरक्षित नहीं है, जब तक आप अच्छे कैच ना लपकें। हमने एसआरएच के ख़िलाफ़ पिछले मैच में भी अभिषेक (शर्मा) के दो कैच टपकाए थे, जो बाद में हम पर भारी पड़े थे। मुझे तो लगता है कि इस फ़ॉर्मेट में हम कैच ड्रॉप कर ही नहीं सकते। इसके अलावा हमें पंजाब के बल्लेबाज़ों को भी क्रेडिट देना होगा, जिन्होंने एक बड़े लक्ष्य के दबाव में ना आते हुए बेहतरीन बल्लेबाज़ी की।”

Next Post

'सूर्यवंशी मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है' : कमिंस

Sun Apr 26 , 2026
जयपुर, 26 अप्रैल (वार्ता) बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी के चाहने वालों में एक नाम और जुड़ गया है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस उनके नए चाहने वाले हैं और उनका कहना है कि सूर्यवंशी उनका नया पसंदीदा खिलाड़ी है। हालांकि सूर्यवंशी की टीम राजस्थान रॉयल्स को कल हैदराबाद से […]

You May Like