सरई : प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त खातों में पहुंचने के बाद भी नगर परिषद सरई के सैकड़ों हितग्राही अपना पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं। सरई डाकघर में स्टाफ की कमी और पोस्ट मास्टर की कथित अनुपस्थिति से निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रोजाना बड़ी संख्या में हितग्राही सुबह से शाम तक डाकघर के बाहर इंतजार करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने आवास निर्माण के लिए राशि तो जारी कर दी, लेकिन डाकघर की बदहाल व्यवस्था के कारण उसका लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। कई लाभार्थी लगातार तीन-चार दिनों से चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी भुगतान नहीं हो रहा। इससे आवास निर्माण कार्य प्रभावित होने लगा है। महिलाओं, बुजुर्गों और मजदूर परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों का आरोप है कि अधिकांश समय काउंटर बंद रहता है और पोस्ट मास्टर भी कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते। ऐसे में लंबी कतारों के बावजूद लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों ने डाक विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, अलग भुगतान काउंटर शुरू करने तथा नियमित रूप से पोस्ट ऑफिस संचालित कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। हितग्राहियों का सवाल है कि जब सरकार ने राशि भेज दी है तो उसे प्राप्त करने में प्रशासनिक लापरवाही आखिर क्यों बाधा बन रही है
