मुंबई, 25 अप्रैल (वार्ता) अभिनेता कुनाल कपूर ने आमिर खान के कहने पर फिल्म ‘एक दिन’ में कैमियो किया है। ‘ज्वेल थीफ’ के बाद कुनाल कपूर एक बार फिर पर्दे पर ‘एक दिन’ के साथ नजर आने वाले हैं। यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है, जिसमें जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। हाल ही में कुनाल कपूर ने बताया कि वह इस फिल्म का हिस्सा कैसे बने। उनके अनुसार, आमिर खान ने खुद उनसे संपर्क किया और एक खास कैमियो के लिए उन्हें शामिल करने की इच्छा जताई। कुनाल इस फिल्म को “गरमजोशी भरी और प्यारी फिल्म” बताते हुए मानते हैं कि यह दर्शकों के दिलों से जुड़ जाएगी।
कुनाल कपूर ने कहा, “साई हमेशा दमदार परफॉर्मेंस देती हैं, और जुनैद ने भी बहुत अच्छा काम किया है। फिल्म में मेरा एक छोटा-सा कैमियो है। आमिर ने मुझसे संपर्क किया और चाहते थे कि मैं इसका हिस्सा बनूं। यह एक ऐसा रोल था जिसे निभाने में मुझे बहुत मजा आया।” कुनाल ने जुनैद खान की लगन और मेहनत की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैंने जुनैद को बचपन से देखा है, और अब वो सिर्फ अभिनय ही नहीं कर रहे, बल्कि फिल्म के प्रोडक्शन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। वह बेहद फोकस्ड और मेहनती हैं। उनके लिए सिर्फ काम मायने रखता है। मुझे लगता है कि उनका भविष्य बहुत लंबा और उज्ज्वल है।”
फिल्म ‘एक दिन’ का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जो पहले ‘रंग दे बसंती’ में आमिर खान और कुनाल कपूर के साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। ‘रंग दे बसंती’ को हाल ही में 20 साल पूरे हुए हैं। इस पर बात करते हुए कुनाल ने कहा, “इस फिल्म के मेरे लिए खास होने की एक वजह इसके निर्देशक सुनील हैं,” । उन्होंने कहा, “ऐसे फुल सर्कल मोमेंट्स बहुत खास होते हैं, जब आप उन्हीं लोगों के साथ फिर से काम करते हैं जिनके साथ आपने शुरुआत की थी।” आमिर खान प्रोडक्शंस के तहत बनी फिल्म एक दिन एक मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

