
विदिशा। विदिशा नगरपालिका में चल रही विवादित स्थिति और विकास कार्यों की रोकथाम को लेकर ब्राह्मण समाज ने मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव को कलेक्टर अंशुल गुप्ता के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा के खिलाफ राजनीतिक षड़यंत्र रचा जा रहा है और उनसे संबंधित किसी भी कार्रवाई को विधिसम्मत एवं निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
ब्राह्मण समाज ने ज्ञापन में कहा कि पिछले दस वर्षों में राजनीतिक गुटबाजी के कारण शहर के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। सड़क, सीवेज लाइन, पानी, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जैसे मूलभूत विकास कार्य नहीं हो पाए हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने अपील की है कि नगरपालिका अध्यक्ष को कार्य करने का अवसर दिया जाए और यदि किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या वित्तीय त्रुटि पाई जाती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में जोर देकर कहा गया है कि राजनीतिक द्वेषभावना से बचते हुए शासन को मानवीय दृष्टिकोण और जनहित के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और नगरीय प्रशासन से भी यह अनुरोध किया गया है कि शहर के विकास और सामान्य जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
