
बीना/खुरई। ग्रामीण थाना अंतर्गत ग्राम खेजरा इज्जत में खेत में मवेशी घुसने की मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। बुधवार दोपहर मवेशी चराने गए 55 वर्षीय व्यक्ति की कुछ लोगों ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार भगवानदास पिता कुंवरराज यादव (55) बुधवार दोपहर गांव के पास खेत में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान मवेशी एक खेत में घुस गए, जिससे नाराज होकर जयराम यादव, करतार यादव, नीरज यादव सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और विवाद करने लगे। बताया जा रहा है कि जब भगवानदास ने विवाद शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने आक्रोश में आकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया हमला इतना घातक था कि भगवानदास गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
