
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि सनातन संस्कृति के महाअनुष्ठान सिंहस्थ 2028 को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार पूर्णतः कृत-संकल्पित है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सुशासन, सुव्यवस्था और समग्र विकास का भी एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ 2028 के लिए अभी से व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। अधोसंरचना विकास, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं और तकनीकी व्यवस्थाओं को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डॉ यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगा। यह आयोजन आस्था, व्यवस्था और विकास के त्रिवेणी संगम के रूप में एक नया मॉडल प्रस्तुत करेगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
