
सिवनी। जिले के घंसौर थाना क्षेत्र के जमोडी ग्राम के पास बुधवार 4 मार्च को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक बाइक सवार घंसौर से बरेला की ओर जा रहा था और दूसरी बाइक गोरखपुर तरफ से घंसौर की ओर आ रही थी।
जमोडी के पास दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों चालक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंसौर ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान एक बाइक चालक की मौत हो गई। दूसरे घायल की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
