
सिलवानी। दीपावली पर्व के मद्देनज़र सिलवानी पुलिस ने शुक्रवार को न्यू सिविल अस्पताल के पास अस्थायी रूप से स्थापित पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने सभी दुकानों का जायजा लेते हुए पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच की, जिसमें सभी के पास वैध लाइसेंस पाए गए।
निरीक्षण के दौरान दुकान व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और बिजली व्यवस्था की भी बारीकी से समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि रात्रि के समय प्रत्येक दुकानदार स्वयं अपनी दुकान पर मौजूद रहे, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही, अग्नि सुरक्षा के लिए दुकानों पर रेत की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने बताया कि बाजार की स्थिति संतोषजनक पाई गई है। सभी व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा आगामी दिनों में भी इसी तरह के निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई।
