इंदौर: बाणगंगा क्षेत्र से चोरी की बाइक के साथ पकड़े गए एक आरोपी ने पुलिस चौकी में पूछताछ के दौरान फिनाइल पी लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार 18 अप्रैल की शाम मुखबिर की सूचना पर रामजी पिता रमेशचंद्र झा निवासी बाणगंगा को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया था। आरोपी बाइक के संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका, जिसके बाद उसे चौकी लाकर पूछताछ की गई।
19 अप्रैल को पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास मिली बाइक चोरी की है। इसी दौरान उसने प्यास लगने की बात कही और पानी पीने के बाद वापस बैठ गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे उल्टी होने लगी। पूछने पर उसने बताया कि डर के कारण उसने बाथरूम में रखा फिनाइल/टॉयलेट क्लीनर पी लिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत आरोपी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक आदतन अपराधी था और उसके खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज थे, जिनमें छोटी ग्वालटोली थाने में आबकारी एक्ट का प्रकरण, विजयनगर थाने में बीएनएस की धारा 303(2) का मामला तथा एक अन्य आबकारी एक्ट का केस शामिल है। मामले में आगे की जांच जारी है।
