जबलपुर: शहपुरा थाना अंतर्गत इंडियन ऑयल डिपो के सामने टैंकर खरीदने-बेचने के सौदे को लेकर हुए विवाद में विक्रेता ने अपने साथियों के साथ मिलकर चालक को न केवल बंधक बनाया, बल्कि प्लास्टिक के पाइप और लात-घूसों से उसकी बेरहमी से पिटाई भी की। आरोपियों पर धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर लूट भी की।जानकारी के मुताबिक अब्दुल इरफान खान निवासी बिजुरी ने पुलिस को बताया कि उसके मालिक दीपक जायसवाल का शहपुरा निवासी रामकृष्ण यादव से टैंकर क्रमांक एमपी 48 एच 0566 खरीदने का सौदा हुआ था।
जब इरफान टैंकर लेने पहुँचा, तो आरोपी रामकृष्ण यादव ने उसे रुकने को कहा और अपने आदमियों से टैंकर में कुछ संदिग्ध छेड़छाड़ करवाने लगा। इरफान ने इस पूरी गतिविधि का वीडियो बनाने लगा ताकि अपने मालिक को हकीकत दिखा सके। वीडियो बनता देख आरोपी रामकृष्ण यादव अपनी सफेद बोलेरो क्रमांक एमपी 49 सी 3923 से मौके पर पहुँचा और आगबबूला होकर चालक से अभद्रता करने लगा।
दुकान के भीतर बनाया बंधक
आरोप है कि रामकृष्ण यादव और उसके दो अज्ञात साथियों ने चालक को जबरन घसीटते हुए अपनी दुकान के भीतर ले जाकर बंधक बना लिया। वहाँ बंद कमरे में तीनों ने मिलकर प्लास्टिक के पाइप और लात-घूसों से इरफान पर हमला बोल दिया। इस बर्बरता में चालक की उंगलियों, कमर और पीठ में गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने चालक का रियलमी कंपनी का मोबाइल और कवर में रखे 1200 रुपये नकद छीन लिए।
खौफ में गुजरे दिन, अब एफआईआर
पीडि़त का आरोप है कि आरोपियों ने हाथ में धारदार हथियार लहराते हुए उसे डराया और कहा कि दोबारा वीडियो बनाया तो जान से खत्म कर देंगे। पीडि़त चालक ने बताया कि घटना 23 मार्च की है। घटना के तुरंत बाद थाने पहुँचा था, लेकिन आरोपियों के रसूख और अकेले होने के डर के कारण उस वक्त शिकायत दर्ज नहीं करा सका। इसके बाद अब अपने मालिक दीपक जायसवाल के साथ हिम्मत जुटाकर वह पुलिस के पास पहुँचा और न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है
