
नरसिंहपुर। गाडरवारा में एनटीपीसी के दो इंजीनियरों के साथ मारपीट, गाली- गलौज, जान से मारने की धमकी देने और पैसे वसूलने के मामले में गाडरवारा पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत उर्फ लकी कौरव के रूप में बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना 30 अगस्त की शाम करीब 5 बजे की है। एनटीपीसी में पदस्थ इंजीनियर रोहित गौतम और सैयद नूरहीन को रेलवे स्टेशन स्थित साइकिल स्टैंड पर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां चार लोगों ने दोनों इंजीनियरों के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों द्वारा इंजीनियरों से कथित तौर पर 4 से 5 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए। इसके बाद यूपीआई के माध्यम से भी ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाने का आरोप है। घटना के बाद पीड़ित इंजीनियरों ने गाडरवारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दर्ज हुआ मामला
इंजीनियरों की शिकायत पर गाडरवारा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 309(6), 351(3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत उर्फ लकी कौरव को गिरफ्तार कर लिया।
गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान के अनुसार मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शिकायत और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की गई है।
भाजपा नेता से जुड़ा बताया जा रहा आरोपी
मामले में गिरफ्तार अजीत उर्फ लकी कौरव को स्थानीय स्तर पर भाजपा नेता से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की कार्यवाही शिकायत, जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हुई है। वहीं शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से आरोपी की करीबी बताए जाने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि पुलिस कार्यवाही के संबंध में ऐसी किसी राजनीतिक निकटता को आधार नहीं बताया गया है।
