
सागर। विदिशा जिले के गंजबासोदा स्थित ग्राम रायखेड़ी धाम में हथियारबंद बदमाशों द्वारा एक परिवार को बंधक बनाकर की गई 77 लाख लूट के एक आरोपी को राहतगढ़ पुलिस ने पकडक़र 55 लाख रुपए से अधिक का मशरुका बरामद किया है. तीन आरोपी फरार हो गए हैं.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डायल-112 वाहन एक अन्य शिकायत को अटेंड कर शिकायत पूर्ण कर वापस लौट रहा था. इसी दौरान रात्रि गश्त के समय डायल-112 स्टाफ को दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में तेजी से भागते हुए दिखाई दिए. पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा मोटरसाइकिल की रफ्तार अचानक और अधिक बढ़ा दी गई, जिससे डायल-112 में तैनात सउनि. हरिनारायण दुबे एवं रात्रि गश्त अधिकारी सउनि. रामसिंह को गहरा संदेह हुआ था. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए डायल-112 स्टाफ द्वारा तत्काल पीछा किया गया. तेज पीछा होने पर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे, इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा व्यक्ति लूट एवं चोरी का माल लेकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर ही पकड़ लिया गया. पकड़े गए आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ एवं मौके की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 स्टाफ द्वारा एसडीओपी राहतगढ़ योगेन्द्र सिंह भदौरिया एवंथाना प्रभारी राहतगढ़ निरीक्षक श्री मुकेश सिंह ठाकुर को सूचना दी गई. पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम धनसिंह उर्फ छोटू पिता दशरथ पटैल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सेमरा गोपालमन, थाना जैसीनगर बताया. आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ ग्राम रायखेड़ी जिला विदिशा में हथियारों के बल पर घर में घुसकर घर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की भय का माहौल बनाया तथा नगद रुपये एवं सोने-चांदी के कीमती जेवरात लूट लिए. आरोपी के पास से एक प्लास्टिक की बोरी में रखी बाल्टी बरामद की गई, जिसमें से नगद राशि 5,58,000/- सोने-चांदी के बहुमूल्य जेवरात बरामद किए गए, जिनकी वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार कुल कीमत लगभग 55 लाख आँकी गई है. घटना में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार विशेष पुलिस टीमें रवाना की गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
