
ब्यावरा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के तहत रविवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन स्थानीय कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया गया. गायत्री मंत्रोच्चारण के बीच 62 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गये. सभी ने नव दम्पत्ति को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन हेतु आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी.
गौरतलब है कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में 62 जोड़ो का विवाह हुआ एवं 7 जोड़ो का निकाह सम्पन्न हुआ. पूरे विधि विधान के साथ विवाह की रस्मे पूर्ण की गई.
आशीर्वाद देने पहुंचे जनप्रतिनिधि, प्रबद्धजन
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिकों ने सम्मेलन स्थल पहुंचकर जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया. राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. इस दौरान नव दम्पत्ति के परिजन, रिश्तेदार, मिलने-जुलने वाले भी बड़ी संख्या में शामिल हुए.
कमजोर परिवारों के लिए सशक्त सहारा बनी योजना
राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाएं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान योजनाएं, गरीब और वंचित, जरूरतमंद वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनकल्याण और विकास की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य हो रहे है. प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना, लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर महिलाओं और गरीब परिवारों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत अब तक 5 लाख से अधिक विवाह संपन्न हो चुके है, जो इस योजना की सफलता और जनविश्वास का प्रमाण है. यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा बनकर उभरी है, जिससे बेटियों का सम्मान और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है. केंद्र एवं राज्य सरकार की इन जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.
