स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की 17 साल बाद भारत में वापसी, मुंबई और कोपेनहेगन के बीच शुरू करेगी उड़ान

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) यूरोप की विमान सेवा कंपनी स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस (एसएएस) ने भारत में 17 साल बाद वापसी करते हुए मुंबई और डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के बीच सीधी नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू करने की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि यह सेवा 01 अक्टूबर से सप्ताह शुरू होगी और सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध होगी। यह हवाई संपर्क उत्तरी यूरोप और भारत की जीवंत वित्तीय राजधानी के बीच यात्रा, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नये अवसर खोलेगा।

नयी सेवा कोपेनहेगन एयरपोर्ट की एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में भूमिका को भी मजबूत करेगी। यात्रियों को न्यूयॉर्क, बोस्टन और टोरंटो सहित एसएएस के प्रमुख लॉन्ग-हॉल और यूरोपीय गंतव्यों के लिए सुविधाजनक संपर्क मिलेगा।

एयरलाइंस इस मार्ग पर एयरबस ए330 विमान का परिचालन करेगी। मंगलवार और गुरुवार को छोड़कर यह उड़ान सप्ताह के अन्य सभी पांच दिन सुबह 6.30 बजे मुंबई से उड़ान भरेगी और वापसी की उड़ान अगले दिन तड़के 4.30 बजे मुंबई पहुंचेगी।

एसएएस के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी पॉल वेरहेगेन ने कहा, “हम मुंबई के लिए अपनी नयी नॉन-स्टॉप सेवा में यात्रियों का स्वागत करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। यह रणनीतिक रूट एसएएस के लिए एक असाधारण उपलब्धि है। हम 01 अक्टूबर से अपने यात्रियों का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

भारत में एसएएस के एक्सक्लूजिव सेल्स एजेंट इंटरग्लोब एयर ट्रांसपोर्ट के निदेशक जे.बी. सिंह ने कहा, “स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस की भारत में वापसी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। तीन दशकों से अधिक समय से चली आ रही हमारी साझेदारी भारत-स्कैंडिनेविया बाजार की दीर्घकालिक संभावनाओं में हमारे साझा विश्वास को दर्शाती है। मुंबई-कोपेनहेगन रूट न केवल सीधे और उच्च गुणवत्ता वाले कनेक्शन की बढ़ती मांग को पूरा करेगा, बल्कि व्यापार, वाणिज्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा।”

 

 

Next Post

सैमसंग सॉल्व फॉर टुमॉरो ने की भारत के टॉप 40 युवा नवप्रवर्तकों की घोषणा

Mon Aug 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) सैमसंग इंडिया ने सोमवार को ‘सैमसंग सॉल्व फॉर टुमॉरो’ के टॉप 40 सेमी-फाइनलिस्ट टीमों की घोषणा की जो उन्हें अपने आसपास की चुनौतियों को पहचानने और मेंटरशिप, प्रौद्योगिकी, प्रोटोटाइप के माध्यम से और प्रायौगिक ज्ञान के जरिये अपने आइडिया को समाधान में बदलने का मंच […]

You May Like