इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने युवक पर गर्म तेल फेंक दिया, जिससे उसके दोनों पैर झुलस गए. पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है.थाना प्रभारी संतोष दुधी ने बताया कि देर रात पिपलियाराव स्थित गुरुद्वारे के सामने शादी समारोह में 33 वर्षीय फरियादी गोपालराम प्रजापत भोजन बना रहा था. इसी दौरान टेंट मालिक अनवर अंसारी वहां पहुंचा और बिना वजह महिलाओं से विवाद करने लगा.
विरोध करने पर अनवर ने सार्वजनिक रूप से गाली गलौज शुरू कर दी. कुछ ही देर में उसके साथी नईम और मोईन भी आ गए और फरियादी के साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान नईम ने गुस्से में गर्म तेल फरियादी पर फेंक दिया, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह जल गए. घटना के बाद तीनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ कार नम्बर एमपी 09 बीडी 7406 में बैठकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
