MP में लू का अलर्ट: 16 जिलों में भीषण गर्मी, पारा 40 के पार; अगले 4 दिन संभलकर रहने की चेतावनी

भोपाल: मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर तेज करवट ली है। अप्रैल की शुरुआत जहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण ठंडक लेकर आई थी, वहीं अब महीने के दूसरे पखवाड़े में भीषण गर्मी ने पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जिससे आने वाले चार दिन आमजन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कई जिलों में लू का असर अधिक रहेगा। खासतौर पर रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में तापमान तेजी से बढ़ने के साथ गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी।प्रदेश में 10 अप्रैल के बाद से मौसम पूरी तरह साफ होते ही तापमान में अचानक उछाल दर्ज किया गया है। कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि साफ आसमान और तेज धूप के कारण ही गर्मी का असर तेजी से बढ़ा है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। संबंधित जिलों में स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्मी का यही तीखा तेवर बना रहेगा, जिससे लू का खतरा और बढ़ सकता है। ऐसे में विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

Next Post

चन्द्रशेखर आजाद वार्ड में चला स्वच्छता अभियान

Thu Apr 16 , 2026
जबलपुर: भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के अंतर्गत संस्कारधानी जबलपुर को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के प्रयासों ने अब जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। इसी कड़ी में बुधवार को चन्द्रशेखर आजाद वार्ड रांझी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार एवं एम. आई. सी. सदस्य […]

You May Like