इजरायली हमले में ईरान के खुफिया मंत्री की मौत, तेल अवीव पर मिसाइल वर्षा और लेबनान में भारी तबाही

तेहरान/तेल अवीव/बेरुत, 18 मार्च (वार्ता) इजरायल ने दावा किया है कि तेहरान में रात भर किये गये एक हमले में ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब और मंत्रालय के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मारे गए हैं। यह हमला ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की हत्या के ठीक एक दिन बाद हुआ है।

ईरान की ओर से अभी तक श्री खतीब की मौत पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है, लेकिन श्री लारीजानी की हत्या का बदला लेने का संकल्प पहले ही दोहराया जा चुका है।

तेहरान में श्री लारीजानी और बासिज बलों के प्रमुख गुलामरेजा सुलेमानी के लिए शोक सभा और शवों को दफनाने का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उनकी शव यात्रा में हजारों लोग उमड़ पड़े। रूस ने एक बयान जारी करके श्री लारीजानी के मारे जाने की निंदा की है।

इस बीच, ईरान के लोरेस्तान प्रांत के घनी आबादी वाले शहर दोरुद पर हुए अमेरिका-इजरायली हमले में सात लोगों की मौत हो गई और 56 अन्य घायल हो गए हैं।

श्री लारीजानी की मौत से गुस्साए ईरान ने मध्य इजरायल पर ‘मल्टीपल-वॉरहेड’ मिसाइलों से हमला किया। इन हमलों में तेल अवीव के पास रामात गन इलाके में दो लोगों की मौत हो गई। इजरायल ने दावा किया है कि उसने एक मिसाइल को बीच में ही मार गिराया, जबकि एक अन्य मिसाइल मध्य इजरायल में गिरी।

खाड़ी देशों कतर, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब ने भी अपनी सीमाओं में ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराने की सूचना दी है।

ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने बताया कि देश के तेल और प्राकृतिक गैस केंद्रों के कुछ हिस्सों पर अमेरिका और इजरायल द्वारा हमले किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों से हुए नुकसान के वास्तविक विस्तार का आकलन किया जाना अभी बाकी है। विशेष रूप से ‘दक्षिण पार्स’ प्राकृतिक गैस क्षेत्र और ‘असलौयेह’ पर ये हमले हुए जहाँ महत्वपूर्ण तेल और पेट्रोकेमिकल संयंत्र स्थित हैं। इस हमले के बाद ईरान ने भी कहा है कि वह यूएई, सऊदी अरब और कतर के तेल संयंत्रों को निशाना बनायेगा।

लेबनान में भी स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई है। इजरायल ने बेरुत के मध्य में स्थित बाशुरा इलाके की एक इमारत पर हमला किया है। इसी दौरान, इजरायली सेना ने स्वीकार किया है कि इस महीने दक्षिण लेबनान में उसके एक टैंक ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के ठिकाने पर गोलीबारी की थी, जिसमें घाना के तीन शांति रक्षक घायल हो गए थे। उधर गाजा में भी हमले जारी हैं, जहाँ खान यूनिस में कम से कम एक फिलिस्तीनी की मौत हुई है।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि बेरुत के बस्ता और जुकाक अल-ब्लात जिलों में तड़के हुए इजरायली हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इन हमलों में 27 अन्य लोग घायल हुए हैं।

अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग के पास ईरानी मिसाइल ठिकानों को नष्ट करने के लिए 5,000 पाउंड के गाइडेड बमों का इस्तेमाल किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुझाव दिया है कि अगर अमेरिका के कारण ईरानी शासन का पतन होता है, तो होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी अमेरिकी सहयोगियों को उठानी चाहिए। हालांकि, यूरोपीय देशों ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर युद्धपोत भेजने की श्री ट्रंप की मांग को फिलहाल ठुकरा दिया है।

 

 

Next Post

ऊर्जा संकट से निपटने के लिए अमेरिका ने जहाजरानी प्रतिबंधों में दी ढील

Thu Mar 19 , 2026
वाशिंगटन, 18 मार्च (वार्ता) अमेरिका ने ईरान के साथ जारी युद्ध के कारण बढ़ती ऊर्जा कीमतों और आपूर्ति संकट से निपटने के लिए देश के भीतर तेल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की शिपिंग पर लगे प्रमुख प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटा दिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव […]

You May Like