
उज्जैन। गैंगवार के चलते एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के मकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई तीन दिन बाद वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
मामला ढांचा भवन इलाके में 11 अप्रैल की रात का है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है। इसमें रौनक गुर्जर के मकान के सामने खड़े बदमाश दिख रहे हैं। उनके हाथों में चाकू और दूसरे हथियार हैं। कुछ ही दूर उनके साथी दोपहिया वाहनों पर बैठे हैं। मकान के सामने खड़े एक बदमाश ने बोतल से भरा पेट्रोल मकान पर डाला। दूसरे ने चिंगारी दिखाई। पलक झपकते ही मकान जल उठा। मकान में लगी आग के बाद पेट्रोल छिडक़ कर भाग रहे दो युवक भी वीडियो में झूलते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले में चिमनगंज टीआई विवेक कनोडिया ने कहा की सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपियों की पहचान कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल मकान में लगाई गई आग की किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। सूत्रों के मुताबिक, मकान को आग लगाने पहुंचे 12 से ज्यादा बदमाश यशवेंद्र उर्फ छम्बू बुंदेला के गिरोह के सदस्य हैं। पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने ये काम किया। रौनक गुर्जर पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चली आ रही है।
