वर्धा | भारत की राष्ट्रपति और विश्वविद्यालय की कुलाध्यक्ष द्रौपदी मुर्मु आगामी गुरुवार, 16 अप्रैल को वर्धा स्थित महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय (MGAHV) के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। टैगोर सांस्कृतिक संकुल के निराला प्रेक्षागृह में सुबह 11:25 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में जबरदस्त उत्साह है। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में पहला मौका होगा जब कोई राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह को संबोधित करने पधार रही हैं। इस गौरवशाली अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रपति के हाथों स्वर्ण पदक और उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
इस भव्य समारोह में राष्ट्रपति मुर्मु के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त, राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और वर्धा जिले के पालक मंत्री डॉ. पंकज भोयर भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा दीक्षांत उपदेश देंगी। उल्लेखनीय है कि वर्धा में राष्ट्रपति का यह दूसरा आगमन है; इससे पूर्व वर्ष 2007 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने विश्वविद्यालय का दौरा किया था। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है।
दीक्षांत समारोह के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। इनमें स्वागत समिति, उपाधि एवं प्रमाणपत्र वितरण समिति, मीडिया और यातायात प्रबंधन समितियां शामिल हैं। समन्वय समिति के साथ हुई बैठकों में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी समितियां सक्रियता से काम कर रही हैं ताकि इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाया जा सके। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर केवल विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्धा जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

