इंदौर: शहर में लगातार हो रही एसी आउटडोर पार्ट्स की चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए अन्नपूर्णा पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 9 एसी के आउटडोर कम्प्रेसर सहित करीब ढाई लाख रुपए का अन्य सामान जब्त किया है.थाना प्रभारी हित यादव ने बताया कि 37 वर्षीय आरोपी ओमप्रकाश पिता अम्बाराम सगारिया निवासी कसबाना, मल्हारगंज को गिरफ्तार किया है.
आरोपी के खिलाफ पहले भी एसी आउटडोर पार्ट्स चोरी के मामले दर्ज हैं. पिछले दिनों फरियादी जयपाल सिंह ने सुदामा नगर स्थित पिज्जा हट स्टोर से एसी आउटडोर यूनिट चोरी व हिमांशु मेहता ने उषानगर स्थित अपनी दुकान से एसी कम्प्रेसर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके साथ ही लगातार मिल रही अन्य शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं. उसके कब्जे से 9 एसी कम्प्रेसर और अन्य सामग्री जब्त की गई. पुलिस आरोपी से अन्य चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही है.
