सिरोंज में नपा हेल्पलाइन और हेल्प डेस्क से बढ़ी सुविधा, शिकायतें हुईं कम

सिरोंज: आपकी नगरपालिका आपके फोन पर अभियान के तहत सिरोंज नगरपालिका द्वारा पिछले वर्ष मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया था, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे नगरपालिका से संबंधित समस्याओं की शिकायत कर सकते हैं. एक वर्ष में इस हेल्पलाइन पर करीब 144 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निराकरण किया जा चुका है. वहीं नवंबर माह के पहले 12 दिनों में केवल चार शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से तीन शिकायतें मंगलवार को आईं. हेल्पलाइन पर शिकायतों में आई कमी को नगरपालिका सकारात्मक संकेत के रूप में देख रही है.

नगरपालिका द्वारा नागरिकों की समस्या समाधान प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कार्यालय में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहाँ दो कर्मचारियों की तैनाती की गई है. यहाँ सभी प्रकार के आवेदन एक ही स्थान पर लिए जाते हैं और संबंधित विभागों को तुरंत भेजे जाते हैं, जिससे लोगों को कार्यालय में भटकना न पड़े.

हेल्पलाइन पर नागरिक 24 घंटे फोटो-वीडियो भेजकर स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट खराब, पानी की समस्या, आगजनी, मृत पशु की सूचना, शव वाहन और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सात प्रमुख सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं.सीएमओ रामप्रकाश साहू ने कहा कि अधिकांश शिकायतों का समय पर समाधान किया गया है और हेल्पलाइन व हेल्प डेस्क सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से इन सेवाओं का अधिक उपयोग करने की अपील की.

Next Post

टिम साउदी आईपीएल 2026 के लिए केकेआर के गेंदबाजी कोच नियुक्त

Fri Nov 14 , 2025
कोलकाता, 14 नवम्बर (वार्ता) कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए टिम साउदी को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान, जिन्होंने 2025 की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, गेंदबाजी सलाहकार के रूप में इंग्लैंड की टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं। […]

You May Like

मनोरंजन