एचपीवी टीकाकरणः जिले में 300 से ज्यादा सत्र, एक दिन में 3577 टीके लगाए

इंदौर: सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए जिले में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार को कलेक्टर के नेतृत्व और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर अभियान संचालित किया.सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि जिले में एक ही दिन में 300 से अधिक टीकाकरण सत्र आयोजित किए, जिनमें करीब 150 ग्रामीण और 150 से अधिक शहरी क्षेत्रों में सत्र लगे. अभियान में 98 शासकीय और 139 निजी स्कूलों के साथ सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को भी शामिल किया. इस दौरान 300 से अधिक टीकाकर्मियों ने टीके लगाए, जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारियों, चिकित्सकों, आशा कार्यकर्ताओं और फील्ड सुपरवाइजर्स ने सत्रों का निरीक्षण किया. करीब 1000 लोगों की टीम इस महाअभियान में जुटी रही.
दूसरी ओर, सीईओ सिद्धार्थ जैन ने सम्मति हायर सेकंडरी स्कूल, अत्रिदेवी शासकीय कन्या विद्यालय (सुदामा नगर), संत विद्यापीठ वार्ड 81 और गरिमा स्कूल बाणगंगा का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और छात्राओं से संवाद किया. डॉ. हसानी ने बताया कि एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है. भारत में महिलाओं में यह दूसरा सबसे आम कैंसर है. वर्ष 2022 में इसके 79,103 नए मामले सामने आए और 34,805 मौतें दर्ज की गईं. एचपीवी सक्रमण के कारण गर्भाशय ग्रीवा में प्रीकैंसरस घाव बनते हैं, जो समय पर इलाज न मिलने पर कैंसर में बदल सकते हैं. इसके लिए एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी मानी गई है.

वैक्सीन से 20 साल में अब तक कोई गंभीर दुष्परिणाम नहीं
डॉ. हसानी ने बताया कि 2006 से अब तक 50 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं और कोई गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है. देश में सर्वेरिक्स, गार्डासिल, गार्डासिल-9 और सर्वावैक वैक्सीन को उपयोग की अनुमति मिली है. वर्तमान में 14 वर्ष की किशोरियों को यह टीका लगाने की सिफारिश की गई है. गुरुवार तक जिले में 3577 टीके लगाए जा चुके थे. सीएमएचओ ने कलेक्टर, सीईओ और सभी सहयोगी विभागों का आभार जताया. उन्होंने बताया कि माइक्रो प्लानिंग के तहत अभियान को सफल बनाया है और यह महाअभियान 10 अप्रैल को भी जारी रहेगा

Next Post

गेहूं खरीदकर भुगतान न करने का आरोपी गिरफ्तार

Fri Apr 10 , 2026
सीहोर। मण्डी पुलिस ने 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी और उसके दो सहआरोपी किसानों से गेहूं खरीदने के बाद भुगतान किए बिना फरार हो गए थे. जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को गंज निवासी अंकित राठौर ने […]

You May Like