सीहोर। मण्डी पुलिस ने 27 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी और उसके दो सहआरोपी किसानों से गेहूं खरीदने के बाद भुगतान किए बिना फरार हो गए थे.
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को गंज निवासी अंकित राठौर ने थाना मण्डी में शिकायत दर्ज कराई थी कि पंकज सिंघाड़े, विवेक खण्डेलवाल एवं अमित खण्डेलवाल द्वारा संचालित गजानन ट्रेडिंग कंपनी ने उनसे एवं अन्य आठ किसानों से करीब 900 क्विंटल गेहूं खरीदा था. गेहूं की कुल कीमत लगभग 27 लाख रुपए थी, लेकिन आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और अपनी फर्म बंद कर फरार हो गए.
मामले में थाना मण्डी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 120बी के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील मेहर के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. टीम ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी विवेक खण्डेलवाल को गिरफ्तार कर लिया.जबकि शेष की तलाश जारी है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. कार्रवाई में टीआई सुनील मेहर, उपनिरीक्षक राकेश पंथी, प्रधान आरक्षक अतुल सिंह, संदीप शुक्ला तथा साइबर सेल के शैलेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
