सड़क बना दी, पर सीवरेज लाइन डालना भूले, रहवासी परेशान

इंदौर: हवा बंगला क्षेत्र में सीवरेज लाइन अधूरी होने से रहवासी परेशान हैं. कई स्थानों पर सड़क निर्माण के दौरान लाइन नहीं डाली गई ऐसे में लोगों को सेप्टिक टैंक खाली कराने में अतिरिक्त खर्च और असुविधा झेलनी पड़ रही है.शहर में सीवरेज व्यवस्था को लेकर दावे भले ही बड़े किए जा रहे हों, लेकिन जमीनी हकीकत अलग नजर आ रही है. हवा बंगला क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 79 स्थित विदुर नगर में चौधरी मार्केट के पास आज भी सीवरेज लाइन की अधूरी व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है. क्षेत्र में कई स्थानों पर सीवरेज लाइन डालने का कार्य जारी है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कुछ जगहों पर पक्की सड़क का निर्माण कर दिया गया, जबकि उसके नीचे सीवरेज लाइन नहीं डाली गई.

इस लापरवाही का खामियाजा स्थानीय रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है. अधिकांश घरों में सेप्टिक टैंक बने हुए हैं. लेकिन, सीवरेज लाइन नहीं होने के कारण जिन्हें हर 15 दिन में खाली कराना पड़ रहा है. इसके लिए लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है. हालांकि, क्षेत्रीय पार्षद का कहना है कि सीवरेज लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है, शेष स्थानों पर भी जल्द सीवरेज लाइन डाली जाएगी. लेकिन, बड़ा सवाल यह है कि जब सीवरेज लाइन डालनी ही थी तो पहले सड़क निर्माण क्यों किया गया. अब सीवरेज के लिए बनी बनाई सड़क को खोदा जाएगा, जिसके ऊपर जनता के टैक्स के नाम पर वसूले गए लाखों रुपए खर्च हो चुके हैं.

यह बोले रहवासी…

हर साल चुनाव के समय वादे करते हैं, लेकिन शुरू से ही अभी तक क्षेत्र के इस हिस्से में सीवरेज लाइन का कार्य नहीं हुआ है. क्षेत्र में सीवरेज लाइन की जरूरत है.
– प्रवीण यादव

कुछ समय पहले बताया था कि टेंडर पास हो गया है. आसपास के क्षेत्र में तो कार्य चल रहा है, सीवरेज लाइन डालने से लोगों को बहुत ज्यादा सुविधा हो जाएगी.
– सतीश मिश्रा

सीवरेज लाइन नहीं होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी ढुलता है, जैसे दूसरे क्षेत्रों में कार्य हो रहा है, हमारे यहां भी सीवरेज का कार्य होना चाहिए, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके.
– भैया लाल

सीवरेज लाइन डलना शुरू हो गई है, चौधरी मार्केट पास भी शीघ्र डलेगी
वार्ड में जहां-जहां सीवरेज लाइन नहीं है, वहां 20 करोड़ रुपए की लागत से लाइन डालने का कार्य शुरू हो चुका है. कंपनी पर लोड ज्यादा है, जल्द ही आपके बताए हुए स्थान चौधरी मार्केट के पास भी सीवरेज लाइन डालने का कार्य शुरू किया जाएगा.
– लक्ष्मी वर्मा, पार्षद

Next Post

आपकी आत्मसंतुष्टि ही जनता के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रमाण: पटेल

Fri Apr 10 , 2026
भोपाल। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबन्ध संस्थान में नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद पंचायत) एवं विकास खंड अधिकारियों के अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर माननीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल जी मुख्य अतिथि के रूप में […]

You May Like