ग्वालियर: कैप वन चीता सांतऊ के जंगल से होते हुये नयागांव पहुंच गया है और वह शिवपुरी लिंक रोड हाईवे से कुछ ही दूरी पर है। इसको लेकर कूनो की ट्रेकिंग टीम और स्थानीय वन अमला चीता की पल पल निगरानी में जुटा है। रात के समय चीता हाइवे को क्रास न करें इस बात की विशेष एहतियात बरती जा रही है।बीते तीन दिन से ग्वालियर के जंगल में चीता का मूवमेंट बना हुआ है। वह घोड़ा वन चौकी अंतर्गत झांकरी, टोड़ा, मऊच, सांतऊ और नयागांव के जंगल में घूम रहा है।
मंगलवार को उसने अपनी दिशा बदलते हुये नयागांव को अपना नया ठिकाना बनाया है। यहां के जंगल में चीता तो सुरक्षित है, लेकिन 500 मीटर की दूरी पर निकले हाइवे ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। रात के समय यदि चीता हाइवे को पार करता है तो पहले की तरह हादसा न हो जाये, इस बात का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।
वन अधिकारियों के सख्त निर्देश है कि चीता को हाइवे से दूर रखा जाये या फिर हाइवे पर आने जाने वाले ट्रेफिक को रूकवाकर सुरक्षित तरीके से चीता को हाइवे क्रास कराया जाये। इसके लिये वन विभाग ने मंगलवार रात अतिरिक्त स्टाफ को भी हाइवे पर तैनात किया है। जिससे समय रहते हाइवे पर निकलने वाले वाहनों की रफ्तार पर काबू रखा जा सकें और चीता सुरक्षित हाइवे क्रास कर सकें।
