
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी भोपाल में 1 एवं 2 अप्रैल को कार्यालीन प्रक्रियाओं, अवकाश नियम, पेंशन, ग्रेच्युटी, लेखा अभिलेख, सेवा पुस्तिका एवं अन्य सेवा संबंधी प्रावधानों पर आधारित दो दिवसीय सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहन एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) भोपाल, संजय तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कार्यालीन प्रक्रियाओं में शुद्धता और समयबद्धता प्रशासनिक कार्यकुशलता की आधारशिला है। उन्होंने अधिकारियों से नियमों की स्पष्ट समझ विकसित करने पर जोर दिया।
सेमिनार में प्रदेश की विभिन्न पुलिस इकाइयों से आए प्रतिभागियों के साथ-साथ प्रशिक्षणरत 44वें उप पुलिस अधीक्षक बैच के अधिकारियों ने भाग लिया। विशेषज्ञों द्वारा आयोजित सत्रों में अवकाश प्रबंधन, पेंशन, ग्रेच्युटी, सेवा अभिलेखों के संधारण और वित्तीय दस्तावेजों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस विभाग की प्रशासनिक दक्षता को सुदृढ़ करने के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
