
मोहन बड़ोदिया। शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के मजूरखेड़ी गांव में थ्रेशर मशीन में फंसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जब खेत में सोयाबीन निकालने का काम चल रहा था. मृतक की पहचान रामसिंह उम्र 40 वर्ष पिता बंशीलाल गुर्जर के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार रामसिंह सोयाबीन निकालने के दौरान अचानक थ्रेशर मशीन की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वे मशीन में बुरी तरह फंस जाने से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद भी उन्हें मशीन से नहीं निकाला जा सका. घटना की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी पी.के. व्यास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. थ्रेशर मशीन को मोहन बड़ोदिया लाया गया, जहां गैस कटर की मदद से मशीन को काटकर रामसिंह के शव को बाहर निकाला जा सका. मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी प्रेम किशोर व्यास ने बताया कि शनिवार शाम 6 बजे शव के पोस्ट मार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया और पुलिस द्वारा इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है.
