जल संकट : नलों से कम सप्लाई के कारण निजी टैंकरों से खरीदना पड़ रहा पानी

इंदौर: जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, पानी की भारी किल्लत और दूषित पानी की समस्या भी बढ़ती जा रही है. कई कॉलोनियों में नलकूप सूखने के कारण टैंकर ही एकमात्र सहारा बने हुए हैं. शहर के कई हिस्सों में 1997 के समय की पाइपलाइनें हैं, जो क्षतिग्रस्त हैं और दूषित पानी की मुख्य वजह बन रही हैं. नगर निगम के तमाम दावों के बावजूद जमीनी हकीकत यह है कि शहर के कई इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं.

पेयजल की इसी तरह की गंभीर समस्या पिपल्याहाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 50 स्थित चौहान नगर में सामने आई है. यहां नर्मदा लाइन से बेहद कम पानी की सप्लाई होने के कारण गंभीर जल संकट बना हुआ है, जिससे स्थानीय रहवासियों की दैनिक दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है. चौहान नगर में नर्मदा लाइन के माध्यम से नगण्य या बहुत ही कम मात्रा में पानी आ रहा है, जिससे दैनिक आवश्यकताएं पूरी नहीं हो पा रही है.

क्षेत्र के रहवासियों के अनुसार, नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे टैंकर पर्याप्त नहीं हैं, जो पानी की भारी मांग को पूरा करने में विफल हैं. सरकारी व्यवस्था विफल होने के कारण, निवासियों को महंगे निजी टैंकर मंगवाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. क्षेत्र में जिन परिवारों में सदस्य अधिक हैं, वहां पानी की खपत ज्यादा होने के कारण पानी की किल्लत और भी गंभीर हो गई है. चौहान नगर में स्थानीय स्तर पर पानी की पूर्ति के लिए कोई भी सरकारी बोरिंग सुविधा उपलब्ध नहीं है.

यह बोले रहवासी…

हमारे क्षेत्र में मात्र 20 मिनट नर्मदा का पानी नलों से आता है, जिसमें सिर्फ हम घर के बर्तन ही भर पाते हैं पानी के लिए इधर-उधर जाकर पानी लाना पड़ता है.
– बबीता शेखावत

नलों से इतना कम पानी आता है कि पूर्ति नहीं हो पाती, निगम के टैंकर भी थोड़ा-बहुत पानी देकर चले जाते हैं. अधिकतर क्षेत्रवासी निजी टैंकर पर निर्भर हैं.
– सुलोचना बाई

हमारे परिवार में सदस्य ज्यादा हैं, थोड़े से पानी में पूर्ति नहीं होती अब भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है और पानी बिल्कुल कम, ऐसे में हम लोग क्या करें?
– संतोषी बाई

पार्षद को जब फोन लगाते हैं, तब टैंकर आता है. क्षेत्र बड़ा होने से पानी की पूर्ति नहीं हो पाती. ऐसे में हमारे क्षेत्र में सरकारी बोरिंग की सुविधा कर देनी चाहिए.
– योगेंद्र शेखावत

Next Post

धार भोजशाला मामला : हाईकोर्ट ने 6 अप्रैल से लगातार सुनवाई का आदेश दिया

Fri Apr 3 , 2026
इंदौर: धार के भोजशाला विवाद में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर डिवीजन बेंच ने शुक्रवार को सुनवाई की रूपरेखा तय की. कोर्ट ने आदेश दिया कि मामले की सुनवाई 6 अप्रैल सोमवार से लगातार चलेगी.सुनवाई के दौरान मुस्लिम पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए हाईकोर्ट को जानकारी […]

You May Like