पुडुचेरी में कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व अध्यक्ष ए.वी. सुब्रमण्यम ने दिया इस्तीफा

पुडुचेरी, 28 मार्च (वार्ता) केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आगामी नौ अप्रैल को होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष ए.वी. सुब्रमण्यम ने शुक्रवार रात निजी कारणों और अपरिहार्य परिस्थितियों का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

सुब्रमण्यम ने पीसीसी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद वी. वैथिलिंगम को भेजे अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया कि वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ वर्तमान में संभाल रहे सभी उत्तरदायित्वों को छोड़ रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में उनके इस कदम को उनके पुत्र शक्तिवेल प्रभु की उम्मीदवारी से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि श्री प्रभु ने कराईकल (दक्षिण) निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। चूंकि यह निर्वाचन क्षेत्र गठबंधन सहयोगी दल द्रमुक (डीएमके) को आवंटित किया गया था, इसलिए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अपना नामांकन वापस लेने की सलाह दी थी। इसके बावजूद प्रभु ने पार्टी के निर्देशों को अनसुना कर दिया और वह कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।

पीसीसी अध्यक्ष वी. वैथिलिंगम ने इस मामले पर रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल 16 उम्मीदवारों को आधिकारिक प्रत्याशी के रूप में मान्यता दी है। द्रमुक को दी गई पांच सीटों और वीसीके को आवंटित एक सीट पर नामांकन दाखिल करने वाले छह अन्य नेताओं को नामांकन पत्र वापस लेने के लिए कहा गया था। उन्होंने कहा कि निर्देश न मानने की स्थिति में उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया जाएगा और एआईसीसी आलाकमान उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करेगा।

 

 

Next Post

नीलकंठ घाट पर हादसा: मछली पकड़ने गए बिहार के दो युवक नर्मदा में लापता

Sat Mar 28 , 2026
सीहोर: सीहोर जिले के भेरूंदा थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी के नीलकंठ घाट पर नाव पलटने से बिहार के दो मजदूर डूब गए, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चार मजदूर मछली पकड़ने के लिए नाव से नदी में उतरे थे, तभी तेज हवा […]

You May Like