इंदौर: पातालपानी स्थित बेलामोर रिसॉर्ट में दुष्कर्म की घटना के बाद जांच में लापरवाही सामने आने पर बड़गोंदा पुलिस ने संचालक आयुष वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस रिसॉर्ट की अनुमति निरस्त करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है.पुलिस के मुताबिक, रविवार 22 मार्च को बेलामोर रिसॉर्ट में एक युवती के साथ ब्लैकमेल कर दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया.
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन द्वारा ठहरने वाले व्यक्तियों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा था. घटना के दिन भी पीड़िता और आरोपी की एंट्री रजिस्टर में नहीं की गई थी. इसके साथ ही रिसॉर्ट में ठहरने वाले मेहमानों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में पुलिस को भी नहीं दी जा रही थी. इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस ने रिसार्ट के संचालक आयुष वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर रिसॉर्ट की अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है.
