इंदौर: शहर में एक बार फिर होर्डिंग को लेकर नेता और अधिकारी आमने-सामने हो गए है. आज निगम एमआईसी सदस्य ने निगम अधिकारी खिलाफ मोर्चा खोल दिया. यहां तक कह दिया कि भ्रष्टाचार की जांच होना चाहिए, खुली लूट मचा रखी है.एमआर 10 सड़क पर दीपक एडवरटाइजिंग कंपनी ने लॉलीपॉप हॉर्डिंग खड़े कर दिए. इसकी अनुमति नगर निगम से नहीं दी गई. इसके बावजूद विज्ञापन कंपनी ने एमआर 10 पर मेट्रो लाइन के नीचे नगर निगम द्वारा विकसित हरियाली के बीच लॉलीपॉप होर्डिंग्स खड़े कर दिए. यह सब काम एक रात में हुआ है. उक्त मामले का खुलासा आज सुबह एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर ने किया. वे कल रात भी एमआर 10 सड़क पर चल रहे कार्यों को लेकर देखने निकले थे, तब होर्डिंग्स नहीं लगे थे.
इसके बाद राठौर ने निगम के राजस्व अधिकारी राकेश चौहान से पूछा, तो उन्होंने बताया कि दीपक एडवरटाइजिंग ने लगाए हैं. एमआईसी सदस्य राठौर ने अधिकारी चौहान से परमिशन के कॉपी मांगी तो बोले कि पुराने कमिश्नर ने दे दी थी. इस बात पर एमआईसी सदस्य जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर आग बबूला हो गए. उन्होंने अधिकारी चौहान को जमकर लताड़ लगाई और कहा कि एमआर 10 सड़क में हाईटेंशन लाइन थी. परमिशन कहां से आई? तुम लोगों ने निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना रखा है. राठौर यहीं नहीं रुके, उन्होंने नक्षत्र गार्डन के पास भी बिना अनुमति यूनीपोल लगाने की बात उजागर की. साथ ही कहा न्याय नगर पानी की टंकी की जगह में बिना अनुमति अवैध कारखाना चल रहा है, जो पानी बिजली सब निगम की उपयोग कर रहा है.
निगम की छवि कर रहे खराब
राठौर एनआर कहा कि अभी मेट्रो के नीचे गार्डन, जाली, सुरक्षा साधन और कई तरह के काम होना है. विज्ञापन मेरा विभाग नहीं है. महापौर और सभी लोग शहर को स्वच्छ बनाने में लगे है. अधिकारी भ्रष्टाचार कर रहे है और निगम की छवि खराब कर रहे हैं.
एमआईसी में उठाउंगा मुद्दा
एमआईसी सदस्य राठौर ने कहा कि इस मामले की जांच होना चाहिए. राकेश चौहान और अन्य निगम अधिकारियों को जेल भेजा चाहिए. विज्ञापन एजेंसी दीपक एडवरटाइजिंग को ब्लैक लिस्टेड किया जाना चाहिए. इस मामले में मैं एमआईसी में भी मुद्दा उठाऊंगा और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करूंगा.
